बिहार के सरकारी स्कूलों में ‘हाफ-डे’ लागू, अब शनिवार को होगी आधे दिन की पढ़ाई

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने सरकारी विद्यालयों में शनिवार को हाफ-डे लागू करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव करते हुए शनिवार को हाफ-डे घोषित कर दिया है। अब शनिवार को सुबह 9:30 से दोपहर 1:00 बजे तक ही कक्षाएं चलेंगी।

शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई

शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा कार्यालय ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में आंशिक संशोधन करते हुए शनिवार को ‘हाफ डे’ (आधे दिन की पढ़ाई) की व्यवस्था लागू कर दी है। इस संबंध में आज (गुरुवार) माध्यमिक शिक्षा के निदेशक सज्जन आर के हस्ताक्षर से आदेश जारी हो गया है।

सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही पढ़ाई

विभाग द्वारा जारी नए आदेश के मुताबिक, अब शनिवार को स्कूल सुबह 9:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:00 बजे तक ही पढ़ाई होगी। दोपहर 1:00 बजे के बाद स्कूलों में छुट्टी दे दी जाएगी। प्राथमिक व मध्य विद्यालयों (वर्ग 1 से 8) में शनिवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कक्षाएं और पूर्व निर्धारित गतिविधियां होंगी। इसके बाद 12 बजे से 12:40 बजे तक बच्चों को मध्याह्न भोजन दिया जाएगा, जिसके तुरंत बाद छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी जाएगी।

शिक्षकों के लिए भी आदेश

शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के शैक्षणिक कार्यों को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत शिक्षकों को प्रतिदिन कक्षा अवधि के क्रम में एक घंटा अतिरिक्त कार्य करना होगा। इस दौरान शिक्षक अगले दिन एवं पूरे सप्ताह के लिए पाठ योजना तैयार करेंगे, मूल्यांकन कार्य निपटाएंगे, शिक्षक डायरी अद्यतन करेंगे, छात्रों के गृह कार्य की जांच करेंगे तथा प्रयोगशाला प्रबंधन जैसे कार्य संभालेंगे। यह शैक्षणिक कार्य या रेमेडियल क्लासेस पूरी करने के बाद ही शिक्षक विद्यालय से प्रस्थान कर सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष शर्तें यथावत रहेंगी।

Share This Article