डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के दौरान मतदाताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राज्य भर में लोग मतदान केंद्रों पर अलग-अलग अंदाज में पहुंचे और लोकतंत्र का जश्न मनाया। किसी ने घोड़े पर सवार होकर तो किसी ने पैदल चलकर मतदान किया, जिससे चुनावी माहौल और भी जीवंत हो उठा।
प्रमुख दलों की तैयारी
हरियाणा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 90 में से 89 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं, जबकि कांग्रेस ने भी 89 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPM) एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। जननायक जनता पार्टी (JJP) और आजाद समाज पार्टी (ASP) के गठबंधन ने 78 सीटों पर दांव लगाया है, जिसमें JJP ने 66 और ASP ने 12 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। इंडियन लोक दल (ILND) 51 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसने अपनी सहयोगी बहुजन समाज पार्टी (BSP) को 35 सीटें दी हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 88 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
अनोखे अंदाज में मतदाता
मतदान शुरू होते ही मतदाता सुबह-सुबह अपने मतदान केंद्रों की ओर निकल पड़े। कुरुक्षेत्र में भाजपा सांसद नवीन जिंदल घोड़े पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे, जिससे चुनावी माहौल और खास बन गया। जिंदल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैंने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया, ताकि हमारा लोकतंत्र और मजबूत हो। आप सभी से आग्रह है कि जाएं, वोट दें और सही चुनाव करें।
CM सैनी समेत मशहूर हस्तियों ने किया मतदान
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर जैसी हस्तियों ने भी मतदान में हिस्सा लिया। सैनी ने अंबाला में अपना वोट डाला, जबकि बबीता फोगट चरखी दादरी में मतदान करने पहुंचीं। इन मशहूर हस्तियों ने लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया।
दो घंटों में 9.53% मतदान
चुनाव के पहले दो घंटों में 9.53% मतदान दर्ज किया गया, जो लोगों के उत्साह को दर्शाता है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।