धनबाद: जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार को पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण वर्कशॉप की शुरुआत हुई, जिसका उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। इस दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम और डीएसपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वर्कशॉप के तहत पुलिसकर्मियों को आधुनिक ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया है—पहले थ्योरी और फिर प्रैक्टिकल सेशन। एसएसपी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में तेजी से सटीक जानकारी जुटाना और आम लोगों की सुरक्षा को बेहतर बनाना है।
ड्रोन से क्या होगा फायदा?
भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी निगरानी
ऊंची इमारतों और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर
कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद
कम समय में ज्यादा जानकारी जुटाना
एसएसपी प्रभात कुमार ने जानकारी दी कि वर्कशॉप के बाद फिलहाल दो ड्रोन खरीदे जाएंगे और भविष्य में ड्रोन के जरिए पेट्रोलिंग भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण में पहले ही कमी आई है और आगे भी इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।

