लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ट्रक ने ऑटो और बाइक को मारी टक्कर; 6 की मौत

Reena Sharma
2 Min Read

झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़ टंगवा घाटी में एक कंटेनर ट्रक ने ऑटो-रिक्शा और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक नाबालिग समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शाम करीब 5 बजे से 6 बजे के बीच हुई। चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसे के वक्त ऑटो-रिक्शा में कितने लोग सवार थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
लातेहार पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कंटेनर ट्रक और ऑटो-रिक्शा के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। रेस्क्यू टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे।

जनवरी में भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा
इससे पहले जनवरी महीने में भी लातेहार में बड़ा सड़क हादसा हुआ था। बारातियों को ले जा रही बस पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच पुलिस और प्रशासन की ओर से मौजूदा हादसे की वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Share This Article