मई महीने की शुरुआत के साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। आज 1 मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल आया है। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्त करीब 1,000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब दिल्ली, मुंबई सहित देश के तमाम शहरों में कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतें 3 हजार रुपये के भी पार पहुंच गई हैं। हालांकि घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अलग-अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर के नए रेट
देश के प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की आज से नई कीमतें इस प्रकार हैं-
दिल्ली में आज से 993 रूपये की बढ़ोतरी के बाद कमर्शियल सिलेंडर 3,071.50 रूपये का हो गया है। कोलकाता में सबसे ज्यादा 994 रूपये का उछाल आया है। अब कोलकाता में सिलेंडर 2,208 रूपये के बजाय 3,202 रूपये में मिलेगा। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर का भाव 993 रूपये बढ़कर 3,024 रूपये हो गया है। पहले यह 2,031 रूपये में मिल रहा था। चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,237 रूपये पहुंच गई है। पहले यहां रेट 2,246.50 रूपये था।
आम आदमी को राहत
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, आम जनता को प्रभावित करने वाले प्रमुख ईंधनों की दरों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। एटीएफ की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को इनपुट लागत के आधार पर संशोधन किया जाता है। हालांकि, घरेलू एयरलाइनों के लिए दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहीं अंतरराष्ट्रीय वाहकों के लिए कीमतों में वृद्धि हुई है।
पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव नहीं
आईओसी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें उन उपभोक्ताओं के लिए अपरिवर्तित रहीं, जो कुल खपत का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा हैं। इसी तरह, लगभग 33 करोड़ उपभोक्ताओं के लिए घरेलू एलपीजी (14.2-किलोग्राम सिलिंडर) की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत वितरित केरोसिन की कीमतों में भी कोई वृद्धि नहीं हुई है। कुल मिलाकर, पेट्रोलियम उत्पादों का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा ऐसा है जिसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया है, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं के लिए स्थिरता सुनिश्चित हुई है।

