धनबाद – जंगल से निकला अवैध कोयले का जखीरा, CISF-बीसीसीएल के एक्शन से मचा हड़कंप

KK Sagar
2 Min Read

सीआईएसएफ, बीसीसीएल और प्रशासन की कार्रवाई से कोयला तस्करों में मचा हड़कंप, MMDR एक्ट के तहत आगे की प्रक्रिया शुरू।

धनबाद के एरिया-10 अंतर्गत जेलगोरा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ, बीसीसीएल और प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। जोरापोखर थाना क्षेत्र के बागड़ीगी बस्ती स्थित तालाब के किनारे जंगलों में छापेमारी कर टीम ने करीब 10 टन अवैध कोयला जब्त किया।

संयुक्त टीम ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बरामद अवैध कोयले को जब्त कर बीसीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबारियों और तस्करों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के बाद कई कारोबारियों के ठिकानों पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि कोयले की चोरी और अवैध खनन को रोकने के लिए भविष्य में भी नियमित रूप से संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे। फिलहाल, जब्त कोयले के मामले में MMDR एक्ट के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....