गोविंदपुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एरिया-03 स्थित आम बागान बस्ती के समीप जंगलों में संचालित एक अवैध मुहाने को शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को CISF, प्रशासन और बीसीसीएल की संयुक्त टीम ने भर दिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई दोपहर करीब 12:10 बजे से 1:00 बजे के बीच की गई। सूत्रों के मुताबिक, अवैध मुहाने की सूचना एक दिन पहले ही आसूचना बल को मिल गई थी, जिसे 23 अप्रैल को कंपनी कमांडर और बीसीसीएल के पीओ शशि रंजन को मौखिक रूप से बताया गया। इसके बाद मामले को तुरंत उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया।
सक्षम अधिकारी के निर्देश पर बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा जरूरी लॉजिस्टिक सहयोग उपलब्ध कराया गया। इसके बाद धर्माबांध स्थानीय पुलिस, क्यूआरटी टीम और पोस्ट कमांडर मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से अवैध मुहाने की भराई कराई। इस दौरान बीसीसीएल कर्मी, पुलिस बल और क्यूआरटी-1 के सदस्य मौजूद रहे।
कार्रवाई पूरी होने के बाद इसकी सूचना सक्षम अधिकारी को दे दी गई। गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह अवैध मुहाना संचालित हो रहा था, वहां सीआईएसएफ की तैनाती नहीं है। नजदीकी जीआरएस ड्यूटी पोस्ट करीब 1.5 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए घुमावदार रास्ता पड़ता है।

