जनता की फरियाद पर तुरंत एक्शन: उपायुक्त ने 4 दिव्यांगों को ऑन द स्पॉट दी ई-ट्राइसाइकिल, अफसरों को दी सख्त हिदायत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आम जनता की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह रेस नजर आ रहा है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को वन-टू-वन सुना। इस दौरान उपायुक्त का संवेदनशील रुख भी देखने को मिला, जब उन्होंने 4 दिव्यांगजनों की परेशानी को देखते हुए उन्हें मौके पर ही ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं
​उपायुक्त राजीव रंजन ने जन शिकायत दिवस में पहुंचे आवेदनों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय पदाधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें। उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। आवेदकों को अपने काम के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटना पड़े, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें।

​बिजली, जमीन और राशन कार्ड समेत इन मुद्दों पर आए आवेदन

​साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान जिले भर से आए ग्रामीणों और नागरिकों ने अपनी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। इस दौरान कई मामलों से जुड़े आवेदन, ज्ञापन और मांगपत्र प्राप्त हुए।
जमीन और राजस्व: भूमि विवाद, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), जमीन का सीमांकन, अवैध कब्जा और जमीन का दखल-दिहानी।
बिजली विभाग: बिजली विभाग द्वारा कथित गलत कार्रवाई और नए विद्युत कनेक्शन की मांग।
रोजगार व समाज कल्याण: PMEGP के तहत ऋण स्वीकृति, अंत्योदय राशन कार्ड जारी करना और चिकित्सीय सहायता।
अतिक्रमण व विकास कार्य: सरकारी नाले पर अवैध पक्का निर्माण, पक्का नाली निर्माण और जलमीनार मरम्मती।
पारिवारिक व सामाजिक मामले: घरेलू विवाद, पारिवारिक विवाद और पारंपरिक ग्राम प्रधान की नियुक्ति।
​उपायुक्त ने सभी मामलों पर आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनके आवेदनों पर पूरी पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article