बिहार में मौसम ने बदली करवट, 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, वज्रपात से सतर्क रहने की चेतावनी

KK Sagar
2 Min Read

बिहार में तपती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के सभी 38 जिलों में गुरुवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत 26 जिलों में येलो अलर्ट और 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इस दौरान 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वी बिहार में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना सबसे अधिक है। बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वा हवाएं नमी लेकर पहुंच रही हैं, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। यह प्रभाव 19 अप्रैल तक बने रहने की संभावना है।

गर्मी का भी कहर जारी
पिछले 24 घंटों में रोहतास, गोपालगंज और बक्सर राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि 19 अप्रैल के बाद राज्य में दोबारा तेज गर्मी लौट सकती है और तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।

वज्रपात बन रहा जानलेवा
बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। इस साल अब तक 61 लोगों की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो चुकी है। वहीं साल 2022-23 में यह आंकड़ा 400 तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में खुले में न निकलने की सलाह दी है।

किसानों के लिए राहत की खबर
मौसम विभाग ने इस बार मानसून के सामान्य रहने की संभावना जताई है, जिससे किसानों को राहत मिल सकती है। मानसून की संभावित औसत वर्षा 992.2 मिमी के 90% से 104% के बीच रहने का अनुमान है। इससे खरीफ फसलों की योजना बनाने में मदद मिल सकती है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....