डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी में चोरी की बढ़ती वारदातों ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। ताजा मामलों में चोरों ने कदमा स्थित टीएमएच डॉक्टर्स हॉस्टल और बिरसानगर में दो घरों को निशाना बनाया, जहां से लाखों के जेवरात और नकदी पार कर दी गई।
सुरक्षित हॉस्टल में ‘सेंध’, टीएमएच डॉक्टर के गहने चोरी
कदमा थाना क्षेत्र के डॉक्टर्स हॉस्टल में रहने वाली टीएमएच की चिकित्सक डॉ. प्रीति सुधा मुंड के कमरे से करीब 5 लाख रुपये के गहनों की चोरी हो गई। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे डॉक्टर ड्यूटी पर गई थी। शाम 6:30 बजे जब वह लौटीं, तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर से सोने की दो चेन, तीन अंगूठियां और हीरे की दो अंगूठियां गायब मिली। डॉक्टर ने इस मामले में हॉस्टल के नौकर, रसोइया और सुरक्षा गार्ड पर शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
बिरसानगर में बेटी की शादी की खुशियों पर चोरों की नज़र
दूसरी वारदात बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 3 की है, जहां चोरों ने एक गरीब परिवार की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। सुनील गोप के घर में घुसकर चोरों ने बेटी की शादी के लिए जमा किए गए पैसे और गहने चुरा लिए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित सुनील गोप के अनुसार रात को जब पूरा परिवार सो रहा था। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। जाते-जाते चोरों ने टेबल पर रखा मोबाइल भी उठाने की कोशिश की थी।
सुरक्षा पर गहराते सवाल
इन दोनों घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अगर डॉक्टर्स हॉस्टल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थानों पर चोरी हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित समझे? वहीं पुलिस अब हॉस्टल के स्टाफ और आसपास के संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस का पक्ष: दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डॉ. मुंड के मामले में कर्मचारियों से पूछताछ जारी है, वहीं बिरसानगर मामले में पुलिस स्थानीय गिरोहों पर नजर रख रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

