फिलीपींस के गांव में मच्छरों के बदले इनाम की घोषणा,डेंगू से निपटे की अनोखी पहल

Anupam Kumar
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:फिलीपींस की राजधानी क्षेत्र में स्थित मांडलुयोंग शहर के एडिशन हिल्स गांव से एक अनोखा मामला सामने आया है। इस गांव ने मच्छरों से निपटने के लिए एक नया और दिलचस्प तरीका अपनाया है। मच्छरों के काटने से डेंगू सहित कई गंभीर बीमारियां फैलती हैं, जिससे बचने के लिए लोग अलग-अलग उपाय अपनाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि मच्छरों को जिंदा या मुर्दा पकड़कर लाने पर इनाम दिया जाएगा? एडिशन हिल्स गांव ने इसी अनोखी योजना को अपनाया है, जिसके तहत पकड़े गए मच्छरों के बदले निवासियों को सांकेतिक इनाम दिया जाता है।

डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच योजना लागू

फिलीपींस के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस साल 1 फरवरी तक देश में डेंगू के कम से कम 28,234 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल की तुलना में 40% अधिक हैं। क्यूजोन सिटी ने हाल ही में डेंगू प्रकोप की घोषणा की, जहां इस साल अब तक 1,769 लोग संक्रमित हुए हैं और इनमें से 10 की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं।

गांव ने उठाए विशेष कदम

एडिशन हिल्स, जो कि 100,000 से अधिक लोगों का एक घनी आबादी वाला शहरी क्षेत्र है, ने डेंगू से बचाव के लिए सफाई अभियान, नहरों की सफाई और स्वच्छता अभियान चलाया। लेकिन जब इस साल गांव में डेंगू के 42 मामले सामने आए और दो युवा छात्रों की मौत हो गई, तो गांव के नेता कार्लिटो सेर्नल ने इस खतरे से निपटने के लिए एक नई योजना शुरू की।

Advertisement

मच्छरों के बदले मिल रहा इनाम

गांव के प्रमुख कार्लिटो सेर्नल ने बताया कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उन्होंने यह अनोखी योजना लागू की। इस योजना के तहत, निवासियों को हर पांच मच्छर या मच्छरों के लार्वा के बदले एक फिलीपींस पेसो (लगभग डेढ़ रुपये) का इनाम दिया जाता है। हालांकि, कुछ आलोचकों का मानना है कि अगर लोग इनाम के लालच में मच्छरों का पालन-पोषण करने लगें, तो यह योजना नुकसानदायक हो सकती है। लेकिन सेर्नल ने कहा कि जैसे ही डेंगू के मामलों में कमी आएगी, इस अभियान को रोक दिया जाएगा।

गांव में बढ़ी जागरूकता

अभियान शुरू होने के तुरंत बाद, गांव कार्यालय में कई मच्छर शिकारी पहुंचे। 64 वर्षीय सफाईकर्मी मिगुएल लाबाग ने पानी में मौजूद 45 मच्छरों के लार्वा से भरा एक जग जमा करवाया और बदले में नौ पेसो (लगभग 15 सेंट) का इनाम प्राप्त किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा,यह एक बड़ी मदद है। इससे मैं अपनी कॉफी खरीद सकता हूं।

डेंगू के खिलाफ प्रभावी कदम

डेंगू एक मच्छर जनित वायरल संक्रमण है, जो दुनियाभर के कई देशों में पाया जाता है। एडिशन हिल्स गांव की यह अनोखी योजना लोगों को मच्छरों के प्रति सतर्क करने के साथ-साथ डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने में मददगार साबित हो रही है।

Share This Article