दिल्ली से दरभंगा आ रही इंडिगो की फ्लाइट को रनवे पर पार्किंग की जगह न होने के कारण पटना डायवर्ट करना पड़ा था। यह समस्या स्पाइसजेट के एक विमान का टायर फटने और अकासा एयर में तकनीकी खराबी आने के कारण उत्पन्न हुई थी, जिससे एप्रन और पार्किंग क्षेत्र ब्लॉक हो गया था।
दरभंगा में रनवे पर पार्किंग संकट
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से दरभंगा के लिए चली इंडिगो की फ्लाइट 6ई360 विमान दिल्ली से उड़ान भरकर दरभंगा एयरपोर्ट पर 2:42 में लैंड करती। फ्लाइट तय समय के अनुसार दरभंगा के आस पास पहुंच गई। इसके बाद रनवे पर पार्किंग संकट उत्पन्न हो गया। इस वजह से विमान को दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। करीब 20 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद पटना एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ा।
स्पाइसजेट विमान का टायर फटा
इससे पहले मुंबई से दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट के SG 115 के विमान का टायर फट गया। इस दौरान प्लेन में बैठे करीब 150 यात्रियों की जान हलक में अटक गई। बताया जाता है कि टायर फटने के कारण काफी दूर तक लगभग घिसटते हुए गया। इसकी वजह से प्लेन में बैठे यात्रियों को तेज झटके भी लगे।
मुंबई से आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट में खराबी
उधर, मुंबई से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई। लेकिन देर शाम तक काफी कोशिश के बाद भी कंपनी के इंजीनियर ने उसके उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी। जिस कारण दरभंगा से मुंबई जाने वाले यात्रियों की यात्रा रद्द करनी पड़ी। हालांकि कंपनी की तरफ से सभी यात्रियों को होटल में ठहराया गया। सभी यात्रियों को मंगलवार को मुंबई अकासा के दूसरे विमान से भेजा गया।
फ्लाइट करीब 20 मिनट हवा में चक्कर काटती रही
तकनीकी कारणों और पार्किंग की समस्या के चलते से दरभंगा आ रही इंडिगो की फ्लाइट को करीब 20 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने पड़े और बाद में उसे पटना एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। स्थिति सामान्य होने के बाद विमान को दरभंगा भेजा गया।

