धनबाद: राजधानी रांची में आयोजित चित्रपट फिल्म फेस्टिवल-2026 में धनबाद के बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्यस्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभाग की दो डॉक्यूमेंट्री फिल्मों ने पुरस्कार जीतकर विश्वविद्यालय के साथ-साथ पूरे धनबाद जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में “झरिया : द बर्निंग लैंड” डॉक्यूमेंट्री को द्वितीय पुरस्कार मिला। झरिया के सामाजिक और पर्यावरणीय पहलुओं पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन रिशु राय और प्रीति तिवारी ने किया।
वहीं “एकल की छांव में” डॉक्यूमेंट्री ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस फिल्म का निर्देशन सौरभ कुमार और आरोही कुमारी ने किया। दोनों फिल्मों की प्रस्तुति और विषयवस्तु को निर्णायकों ने काफी सराहा।
राज्यभर से प्राप्त 84 फिल्मों में से केवल 67 फिल्मों का चयन अंतिम चरण के लिए किया गया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बीबीएमकेयू की दोनों फिल्मों का पुरस्कार जीतना विश्वविद्यालय और जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इन फिल्मों के निर्माण में प्रतीक कुमार, प्रदीप लायक, रुद्र बरनवाल और आयुष सिंह सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सामूहिक प्रयास और रचनात्मक सोच का ही परिणाम है कि धनबाद के छात्रों ने राज्यस्तरीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई।
यह उपलब्धि न केवल बीबीएमकेयू के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि धनबाद के युवा अब शिक्षा के साथ-साथ फिल्म निर्माण, डॉक्यूमेंट्री और रचनात्मक अभिव्यक्ति के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

