झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के बाहर बीजेपी विधायकों का धरना महज विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि सीएम की हत्या की साजिश थी। इरफान अंसारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आवास के अंदर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा पर उठाए सवाल
इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री कल बाल-बाल बचे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति दीवार फांदकर मुख्यमंत्री आवास के अंदर चला जाता तो क्या होता। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था।
प्रदर्शन की मंशा की जांच की मांग
मंत्री ने कहा कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मुख्यमंत्री आवास पर धरना देने वाले लोगों की पहचान करने और प्रदर्शन के पीछे की वास्तविक मंशा की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में मुख्यमंत्री की हत्या या हत्या के प्रयास की साजिश सामने आती है, तो बीजेपी विधायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्रों के आंदोलन पर क्या बोले हेमंत सोरेन?
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार ने छात्रों की ज्यादातर मांगें स्वीकार कर ली हैं। उन्होंने सभी परीक्षाओं की समीक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार का भरोसा भी दिया है।

