रिमांड पर टूटे 3 कुख्यात नक्सली, उगला ऐसा राज कि कांप उठा माओवादी नेटवर्क! सिकरम्बा और दलमा से भारी जखीरा बरामद

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:कोल्हान इलाके में लाल आतंक के खिलाफ चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियानों के बीच सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रिमांड पर लिए गए तीन कुख्यात माओवादियों की निशानदेही पर पुलिस, कोबरा और एसएसबी की संयुक्त टीम ने कुचाई के सिकरम्बा जंगल और चांडिल स्थित दलमा की पहाड़ियों से भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक बरामद किए हैं।

कड़ाई से पूछताछ में टूटे माओवादी, उगले राज
हाल ही में गिरफ्तार किए गए भाकपा (माओवादी) के सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार (उर्फ सागर), रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो (उर्फ शंकर) और सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया (उर्फ नेपू) को पुलिस ने रिमांड पर लिया था। कड़ाई से की गई पूछताछ में तीनों माओवादी टूट गए और उन्होंने जंगलों में छिपाकर रखे गए असलहों का ठिकाना पुलिस के सामने उजागर कर दिया।

सिकरम्बा और दलमा के जंगलों में चला संयुक्त सर्च ऑपरेशन
माओवादियों से मिले इनपुट के आधार पर झारखंड पुलिस, 209 कोबरा (खूंटी) और 26वीं वाहिनी एसएसबी (रांची) ने संयुक्त रूप से कुचाई के सिकरम्बा और चांडिल के आसनबनी के ऊपरी दलमा जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान झाड़ियों और गुप्त ठिकानों में छुपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों की खेप बरामद की गई।

बरामद किए गए हथियारों और कारतूसों की सूची
रायफल व पिस्टल: 2 पीस .303 रायफल, 1 इंसास रायफल (5.56 mm), 1 एसएलआर रायफल (7.62 mm) और 2 देसी पिस्टल (9 mm सहित)।
कारतूस: 7.62 mm के 171 जिंदा कारतूस, 5.56 mm के 126 जिंदा कारतूस और 9 mm के 12 जिंदा कारतूस।
मैगजीन व अन्य सामान: इंसास की 4 मैगजीन, एसएलआर की 3 मैगजीन, .303 रायफल की 3 मैगजीन व 8 चार्जर, और 2 देसी पिस्टल मैगजीन।
विस्फोटक: 1 आईईडी (IED) और 2 डिटोनेटर।

सर्च टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस सफल कार्रवाई और छापामारी अभियान की कमान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज व शिव प्रकाश कुमार, 26वीं वाहिनी एसएसबी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह और 209 कोबरा के सहायक समादेष्टा विपुल राज संभाल रहे थे। सुरक्षाबलों का कहना है कि सारंडा, कुचाई और दलमा के जंगलों में नक्सलियों के सफाए के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Share This Article