डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में से एक, महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल की व्यवस्था को सुधारने और परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन ने अब कमर कस ली है। अस्पताल परिसर में चारों तरफ फैली गंदगी और पान-गुटखे की पीक से परेशान होकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब अस्पताल में किसी भी तरह का नशा, पान या गुटखा खाकर प्रवेश करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सुरक्षाकर्मियों को मिले सख्त निर्देश
अस्पताल अधीक्षक ने परिसर की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों को सख्त हिदायत दी है कि वे मुख्य द्वारों पर ही चेकिंग सुनिश्चित करें। कोई भी व्यक्ति मुंह में पान या गुटखा दबाकर अस्पताल के भीतर दाखिल नहीं होना चाहिए। अगर कोई इस नियम का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दीवारें लाल और फॉल्स सीलिंग टूटी
दरअसल अस्पताल के नए और पुराने भवनों की हालत लोगों की इस गंदी आदत के कारण बदतर हो चुकी है। मरीजों और उनके तीमारदारों द्वारा जगह-जगह थूके जाने की वजह से अस्पताल की पूरी दीवारें लाल हो चुकी हैं। इसके अलावा अस्पताल के रख-रखाव में भी भारी लापरवाही सामने आई है। यहां लगी टाइल्स उखड़ रही हैं और कई जगहों पर लगाई गई फॉल्स सीलिंग को जस का तस अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे कभी भी हादसे का डर बना रहता है।

