बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को पिता लालू प्रसाद और बड़ी बहन मीसा भारती के साथ पटना पहुंचे। राजधानी पहुंचते ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने सरकार पर भ्रष्टाचार, अपराध और प्रशासनिक विफलता के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर विवादित टिप्पणी की।
तेजस्वी यादव का सीएम सम्राट चौधरी पर तीखा तंज
राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें पहले से ही भरोसा था कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपनी सोच नहीं बदलेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे चीफ मिनिस्टर नहीं, चीप मिनिस्टर हैं।
सरकार पर जनता के मुद्दों से भटकाने की राजनीति का आरोप
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार के पास बिहार को आगे बढ़ाने के लिए न कोई विजन है और न ही कोई रोडमैप। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हैं, वहीं महिलाओं से किए गए वादे भी पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि माताओं-बहनों को दो-दो लाख रुपये देने का वादा अब तक अधूरा है और कई जगहों पर पेंशन तक बंद है।
सुरक्षा में कटौती और आवास विवाद पर तेजस्वी का हमला
आरजेडी नेता ने लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती और आवास विवाद को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, बिहार के चिप मिनिस्टर एनडीए के किसी भी ऐरा-गैरा नत्थू खेरा तथा अयोग्य, अक्षम, कुपात्र, भ्रष्ट और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सरकारी खर्च पर उच्च कोटि की श्रेणी की सुरक्षा और आवास बिना किसी मानक के रेवड़ी की तरह बांट रहे हैं।
लालू परिवार ने लौटा दी सिक्योरिटी
बता दें कि राज्य के गृह विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा श्रेणी को घटाने का फैसला किया। सरकार के इस कदम से नाराज होकर लालू परिवार के सदस्यों ने पूरी सरकारी सुरक्षा को वापस लौटा दिया। इसी नाराजगी का असर पटना एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला, जब दिल्ली से लौटने के बाद तेजस्वी यादव बिना किसी सरकारी एस्कॉर्ट के ही अपने आवास के लिए रवाना हो गए।

