5 झारखंड बटालियन के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में विशेषज्ञों ने दिए राहत-बचाव और आपातकालीन प्रबंधन के टिप्स
धनबाद। 5 झारखंड बटालियन एनसीसी, धनबाद द्वारा आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-VII) के तहत मंगलवार को आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। धनबाद स्थित डीआईटी परिसर में 5 जून से 14 जून 2026 तक चल रहे इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को संकट की परिस्थितियों से निपटने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशेषज्ञ वक्ता के रूप में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय कुमार झा शामिल हुए। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्य, आपातकालीन प्रबंधन तथा जनसहयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और व्यावहारिक उपायों से भी अवगत कराया गया। सत्र का उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और प्रभावी नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना था।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट अनीमेश झा ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और कैडेट्स को दिए गए मार्गदर्शन के लिए संजय कुमार झा को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
कैंप कमांडेंट ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश का भविष्य हैं और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर मिला प्रशिक्षण उनके व्यक्तित्व और कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने संजय कुमार झा के सहयोग और मार्गदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम में बटालियन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कैडेट्स ने आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को उत्साहपूर्वक ग्रहण किया और इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताया।

