डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : लौहनगरी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की तस्वीर अब बदलने वाली है। मरीजों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने किडनी, न्यूरो और कैंसर जैसी सुपर स्पेशलिटी सेवाओं को शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
वॉक-इन इंटरव्यू से भरे जा रहे हैं पद
अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी को दूर करने के लिए लगातार ‘वॉक-इन इंटरव्यू’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रिक्त 20 सीटों के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया रखी गई थी। हालांकि, इसमें सात डॉक्टर शामिल हुए, लेकिन राहत की बात यह है कि ये डॉक्टर उन क्षेत्रों के विशेषज्ञ हैं जिनकी अस्पताल को सबसे ज्यादा जरूरत थी।
इन विभागों को मिलेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
इंटरव्यू में शामिल हुए डॉक्टरों का चयन होने के बाद अस्पताल में नए विभाग पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे।
नेफ्रोलॉजी (किडनी): 02 डॉक्टर
न्यूरोलॉजी: 02 डॉक्टर
हृदय रोग (Heart): 01 डॉक्टर
कैंसर विभाग: 01 डॉक्टर
प्लास्टिक सर्जरी: 01 डॉक्टर
जल्द खुलेंगे नए वार्ड
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन विशेषज्ञों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होते ही संबंधित बीमारियों के लिए विशेष वार्ड खोल दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि शेष खाली पदों को भरने के लिए जल्द ही और डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। इस पहल से शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के उन गरीब मरीजों को सीधा फायदा होगा, जो महंगे निजी अस्पतालों में अपना इलाज कराने में असमर्थ थे। अब एक ही छत के नीचे किडनी से लेकर कैंसर तक का इलाज संभव हो सकेगा।

