डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के मार्गदर्शन में आगामी 14 मार्च 2026 को लौहनगरी जमशेदपुर एक बड़े विधिक और सामाजिक समागम का गवाह बनेगी। सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले इस भव्य ‘राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर’ के साथ ही प्रदेश भर में राष्ट्रीय लोक अदालत की शुरुआत होगी।
न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद करेंगे उद्घाटन
इस विशेष कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश व झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद द्वारा किया जाएगा। इस दौरान झारखंड हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश और कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पूरे राज्य की जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों (DLSA) में राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ होगा।
एक ही छत के नीचे 18 सरकारी विभाग
शिविर का मुख्य आकर्षण जिला प्रशासन द्वारा लगाए जाने वाले 18 स्टॉल होंगे। इन स्टॉल्स के जरिए आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मौके पर ही पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियो और लाभों का वितरण किया जाएगा। विधिक सहायता के साथ-साथ प्रशासनिक सेवाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा
समय: सुबह 10:30 बजे से।
आकर्षण: पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ सत्र की शुरुआत होगी।
उद्देश्य: विधिक जागरूकता फैलाना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाना।
बता दे कि यह आयोजन न केवल कानूनी विवादों के निपटारे (लोक अदालत) का मंच बनेगा, बल्कि सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़ने का एक सशक्त जरिया भी साबित होगा।

