Jamshedpur Weather: भीषण गर्मी से तड़पते जमशेदपुर को मिलेगी बड़ी राहत! अगले 3 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का पूरा हाल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान जमशेदपुर और इसके आसपास के इलाकों के लोगों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग ने शहरवासियों के लिए राहत और चेतावनी दोनों एक साथ जारी की है। अगर आप भी उमस और लू से बेहाल हैं, तो आने वाले दिन आपके लिए थोड़े ठंडे होने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार जमशेदपुर में अगले तीन दिनों तक धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।

9 से 11 जून तक का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 जून से 11 जून तक के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूल भरी आंधी के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंधी के साथ-साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी और बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

जानिए कैसा रहेगा तापमान

9 और 10 जून: अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

11 जून: पारे में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।

12 और 13 जून: मौसम में और ज्यादा सुधार होगा। तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। राहत की बात यह है कि 12 जून के बाद से फिलहाल आंधी या लू की कोई चेतावनी नहीं है।

वीकेंड का हाल : वीकेंड आते-आते आसमान पूरी तरह बादलों से घिर जाएगा और एक से दो बार अच्छी बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे मौसम खुशनुमा हो जाएगा।

सोमवार को 41.3 डिग्री के साथ उबला शहर
आपको बता दें कि मौसम बदलने से ठीक पहले सोमवार को जमशेदपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वही न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा (सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक)। हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) का स्तर 66% दर्ज किया गया, जिसने उमस और बेचैनी को काफी बढ़ा दिया था। लेकिन अब अगले तीन दिन आंधी और पानी के हैं, इसलिए अपनी तैयारियों के साथ रहें और गर्मी से मिलने वाली इस राहत का आनंद लें।

Share This Article