बिहार में आंधी-बारिश का कहर, एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में एक तरफ लोग भीषण गर्मी से बेहाल हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ आंधी-बारिश ने कहर बरपाया है। सीतामढ़ी जिले में सोमवार देर रात हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। दरअसल, तेज आंधी में एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।

कच्चे मकान पर गिरा पीपल का पेड़

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। उस समय सिकंदर सहनी का परिवार घर के अंदर सो रहा था। अचानक घर के पास स्थित पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर मकान पर गिर गया। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि मिट्टी और फूस से बना कच्चा घर पूरी तरह ढह गया।

चार बच्चों समेत मां की मौत

हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (28), बेटा राजकुमार (7), बेटी शिवानी (5) और एक महीने के बेटे लाइगर कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक बेटे की अस्पताल में मौत हो गई। ADM ब्रिज किशोर पांडेय ने कहा कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। आपदा राहत के तहत मरने वालों के परिजन को 4-4 लाख रुपए दिया जाएगा।

पिता को छोड़ पूरा परिवार उजड़ा

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर सिकंदर सहनी का मूल आवास है। गर्मी के दिनों में वह पीपल के पेड़ के पास झोपड़ी बनाकर पूरे परिवार के साथ सोया करता था। सोमवार की शाम तेज आंधी आई थी। आंधी में पीपल का काफी हद तक उखड़ गया था। पेड़ कभी भी गिर सकता था। देर रात गर्मी के चलते सिकंदर सहनी सड़क पर टहल रहा था, वहीं पत्नी चार बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रही थी। इसी दौरान पीपल का पेड़ मौत बनकर गिरा और एक साथ पांच की जानें ले ली। वहीं, सिकंदर सहनी बच गए।

Share This Article