झारखंड शराब घोटाला: बाबूलाल मरांडी का विस्फोटक आरोप—‘जांच एजेंसी ही सवालों के घेरे में, चार्जशीट पर ब्रेक क्यों?

KK Sagar
2 Min Read
Babulal marandi

झारखंड के चर्चित शराब घोटाले को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला देश के उन दुर्लभ मामलों में शामिल हो सकता है, जहां घोटाले की जांच करने वाली एजेंसी ही खुद संदेह के घेरे में आ गई है।

मरांडी ने आरोप लगाया कि एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अपनी जांच में हजारों करोड़ के घोटाले की पुष्टि की, मुख्यमंत्री के पूर्व सचिव की गिरफ्तारी हुई और कई बड़े अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए गए। इसके बावजूद अब तक एक भी चार्जशीट दाखिल नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह देरी महज प्रक्रिया का हिस्सा है या फिर किसी को बचाने की कोशिश?

उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्पाद विभाग से आधी रात में सबूत मिटाने की कोशिश की गई। हालांकि उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पूरी तरह सबूत खत्म करना संभव नहीं है, क्योंकि फॉरेंसिक तकनीक से सच्चाई सामने आ ही जाती है।

मरांडी ने ACB की “रहस्यमयी सुस्ती” पर भविष्य में उच्च स्तरीय जांच एजेंसियों और अदालतों द्वारा सवाल उठने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच को कमजोर करने की कोशिश करने वाले अधिकारी भी जवाबदेही से नहीं बच पाएंगे।

अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड की जनता के पैसे की लूट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय भले थोड़ा धीमा हो, लेकिन होता जरूर है—और इस मामले में भी “हिसाब सबका होगा।”

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....