बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेशों की अनदेखी एक महिला सब-इंस्पेक्टर को भारी पड़ने वाली है। हाल ही में बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सख्त निर्देशों की धज्जियां उड़ाते हुए खगड़िया जिले की परबत्ता थाना में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर निशा कुमारी ने वर्दी पहनकर फिल्मी गानों पर डांस करते हुए रील बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। अब इस मामले में उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू होने वाली है।
मुख्यालय के आदेश की अनदेखी
बिहार पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में सख्त निर्देश जारी किए थे कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। बावजूद इसके, निशा कुमारी ने पिछले कुछ महीनों में कई फिल्मी गानों पर रील बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ और मामला गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी के संज्ञान में आया।
निशा कुमारी से जवाब तलब
इधर गलती का एहसास होते ही महिला एसआई ने वीडियो डिलीट कर दी। लेकिन अब उन पर सस्पेंशन की तलवार लटक गई है। इस वीडियो पर पुलिस विभाग ने स्वत: संज्ञान लिया। गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने संज्ञान लेते हुए जवाब तलब किया।
महिला एसआई पर लटकी सस्पेंशन की तलवार
एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने बताया कि खगड़िया के एसपी फिलहाल अवकाश पर हैं। एसपी के वापस ड्यूटी पर आते ही उन्हें पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही महिला दारोगा पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हो सकता है उन्हें सस्पेंड किया जाए। पुलिस इसके साथ ही इस बात की भी जांच कर रही है कि निशा कुमारी ने किन-किन जगहों पर ये रील शूट की थीं।
वर्दी में रील पर सख्त गाइडलाइन
पुलिस मुख्यालय ने वर्दी में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर कुछ दिन पहले ही सख्त गाइडलाइन जारी की थी। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में इसी मामले में पुलिस मुख्यालय ने पूर्णिया में एक दारोगा और करीब 50 महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके कुछ ही दिनों बाद खगड़िया से ऐसा ही एक नया मामला सामने आया है।

