Bihar: चुनाव से पहले एक्शन में लालू यादव, थामा चुनावी मोर्चा, जमीनी कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद 

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि, तारीखों का अब तक ऐलान नहीं हुआ है। इससे पहले सभी पार्टियां पूरे दमखम से चुनावी अभियान में जुटी हुई हैं। इस बीच अब तक अपने स्वास्थ्य कारणों से सियासी कार्यक्रमों से दूर राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी एक बार फिर चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने निकल पड़े हैं। शनिवार सुबह वह पटना से अपनी वैनिटी वैन में सवार होकर आरा रवाना हुए, जहां वह कार्यकर्ताओं से सीधी मुलाकात करेंगे।

कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे लालू

बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और प्रदेश की राजनीति तेजी से करवट ले रही है। हर राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को धार देने और संगठन को मजबूत करने में जुटा है। ऐसे माहौल में लालू प्रसाद यादव भी पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आने लगे हैं। शनिवार की सुबह पटना से आरा की ओर लालू यादव का काफिला रवाना हुआ। आरा पहुंचने के बाद लालू यादव पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। लंबे समय बाद वे सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

पूर्व विधायक अरुण यादव से भी होगी मुलाकात

इस दौरान लालू यादव की मुलाकात पूर्व विधायक अरुण यादव से भी होगी। अरुण यादव इस क्षेत्र में राजद का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। उनके साथ बातचीत को राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। साफ है कि लालू यादव अब जमीनी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर ही आगे बढ़ने की रणनीति बना रहे हैं।

लालू की मौजूदगी कार्यकर्ताओं में भरेगी जोश

पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य कारणों से लालू यादव चुनावी राजनीति में सीमित भूमिका निभाते रहे हैं। लेकिन इस बार उनकी सक्रियता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी ऊर्जा का स्रोत साबित हो सकती है। उनकी मौजूदगी से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को एकजुट करने में मदद मिलेगी। आरा की बैठक में वह कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के साथ ही यह संदेश देंगे कि चुनावी जीत मेहनत और जनता से सीधे संपर्क से ही संभव है।

Share This Article