पटना के बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजधानी पटना में बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हो गया है। कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बसिया की गुरुवार को पटना में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में रवीश घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।। उसे इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के शिकंजे में आया कुख्यात रवीश कुमार

यह मुठभेड़ गुरुवार को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई। करीब सुबह के तीन बज रहे थे। पुलिस और अपराधी के बीच यह आमना-सामना एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुआ। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में चली पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी और बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ बीसी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया।

रवीश के दाहिने पैर में लगी गोली

बताया जा रहा है कि बंटी यादव की हत्या के आरोपी रवीश की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसी पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी रवीश उर्फ बसिया ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें एक गोली रवीश के दाहिने पैर में लगी। गोली लगते ही रवीश लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गया। तुरंत ही पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया।

फरार चल रहा था रवीश

बता दें कि करबिगहिया निवासी कारोबारी बंटी यादव का 6 जुलाई की रात कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के पास से अपहरण कर लिया गया था। पांच दिन बाद 11 जुलाई को उसका शव अथमलगोला थाना क्षेत्र के एक खेत से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया था कि अवैध शराब के कारोबार से होने वाली कमाई में हिस्सेदारी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बंटी यादव की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी रवीश लगातार फरार चल रहा था।

Share This Article