बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले बिहार में सियासी हलचल तेज है। चुनावी मौसम में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। इस बीच आज गुरुवार को पटना में कई जगह जनसुराज के संस्थापक और बांकीपुर से प्रत्याशी प्रशांत किशोर को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं।
‘केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है…’
पोस्टर में लिखा है, “केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है। इनको वोट नहीं, नोट चाहिए।” पोस्टर किसने लगाया है, इसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है, लेकिन पोस्टर के नीचे “सौजन्य: बांकीपुर की जनता” लिखा गया है।
जन सुराज को बताया ‘धन सुराज’
इस पोस्टर में पीके को मुस्लिम टोपी पहने हुए दिखाया गया है। उनके गले में गमछा पड़ा हुआ है। साथ ही हाथ में नोट की गड्डी दिखाई दे रही हैं। पोस्टर में जन सुराज की जगह ‘धन सुराज’ लिखा गया है। साथ ही पीके की फोटो के ऊपर की लिखा है ‘वोट नहीं नोट चाहिए।’
प्रशांत किशोर को लगा बड़ा झटका
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज के बांकीपुर से उम्मीदवार रहे प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रो. केसी सिन्हा के साथ जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा। इस दौरान दीघा विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह और मनेर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए। वहीं आज गुरुवार को चेतना झांब और फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुती श्री जनसुराज छोड़कर बीजेपी जॉइन करेंगी।

