राज्य सरकार ने जारी की तबादला सूची, धनबाद में ट्रैफिक, सीसीआर और विधि-व्यवस्था से जुड़े कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के कई अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में धनबाद जिला भी प्रमुख रूप से प्रभावित हुआ है, जहां कई पुलिस उपाधीक्षकों (DSP) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) की नई पोस्टिंग की गई है।
धनबाद में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई अहम बदलाव किए गए हैं। नई सूची के अनुसार कुमार विनोद को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) धनबाद, जबकि नाजिर अख्तर को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-2) धनबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रोहित कुमार साव को यातायात DSP धनबाद बनाया गया है।
इसके अलावा प्रकाश सोय को विधि-व्यवस्था DSP धनबाद और प्रदीप कुमार साव को सीसीआरो, धनबाद में पदस्थापित किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इसे कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
राज्य सरकार की इस व्यापक तबादला सूची में बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, गिरिडीह, रामगढ़, साहिबगंज और अन्य जिलों में भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में हुए इस बड़े बदलाव को आगामी कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

