बिहार सरकार ने मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव करते हुए 17 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। तबादला सूची में भोजपुर और सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) भी शामिल हैं। इन दोनों जिलों में हाल के दिनों में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आए थे। इससे पहले भी राज्य में 27 IPS समेत 29 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया जा चुका है।
सीवान के SP पूरन कुमार झा को हटाकर नई तैनाती की प्रतीक्षा में रखा गया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना भेजा गया है। उनके कार्यकाल के दौरान 25 जुलाई को छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर AK-47 के इस्तेमाल को लेकर विवाद सामने आया था। वहीं, भोजपुर के SP मिस्टर राज का भी तबादला किया गया है। भोजपुर में स्थानीय कार्यकर्ता भारत तिवारी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद काफी विरोध और आक्रोश देखने को मिला था।
तबादले के बाद कई जिलों को नए पुलिस कप्तान मिले हैं। अधिसूचना के मुताबिक, भारत सोनी को सीवान का नया SP बनाया गया है, जबकि अवधेश दीक्षित को भोजपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मिस्टर राज को रोहतास का SP बनाया गया है। वहीं, रोशन कुमार को सारण का SSP और हृदय कांत को नालंदा का SP नियुक्त किया गया है। हृदय कांत इससे पहले ATS में SP के पद पर तैनात थे, जबकि भारत सोनी इससे पहले नालंदा के SP की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

