बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; कई घायल, जांच शुरू

KK Sagar
2 Min Read

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक पब में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलती और आसमान में काला धुआं फैलता दिखाई दे रहा है। आग लगते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया और पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में करीब 30 मिनट का समय लगा। आग बुझने के बाद पब के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। टेबल-कुर्सियां पूरी तरह जल चुकी थीं और इमारत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

गौरतलब है कि थाईलैंड में इस तरह की आग की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....