देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 29 जून को मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, शेष छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
आईएमडी ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 29 जून से 4 जुलाई तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून से 4 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। वहीं 2 से 4 जुलाई के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दक्षिण भारत और पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कोंकण-गोवा, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में अगले एक सप्ताह तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। कोंकण-गोवा, केरल और तटीय कर्नाटक के कई इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों तक तेज गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

