DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और SP कपिल चौधरी एक्शन में, NH-39 के ब्लैक स्पॉट पर बनेंगे अंडरपास, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक सिग्नल

KK Sagar
3 Min Read

मेदिनीनगर (पलामू): राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर पोखरहा और जोड़ के समीप लगातार हो रहे भीषण सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने अधिकारियों की टीम के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया और सड़क सुरक्षा को लेकर तत्काल तथा दीर्घकालिक कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रशासन का लक्ष्य सड़क की तकनीकी खामियों और यातायात प्रबंधन में सुधार कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले समाहरणालय में RCD, NHAI, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर दो चरणों में कार्ययोजना तैयार की गई है।

तत्काल राहत के लिए कई कदम

शॉर्ट टर्म योजना के तहत पोखरहा और जोड़ इंटरसेक्शन पर स्पीड ब्रेकर, वैज्ञानिक तरीके से पुलिस बैरिकेडिंग और आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि एक दिशा का यातायात पूरी तरह साफ होने के बाद ही दूसरी दिशा के वाहनों को आगे बढ़ाया जा सके।

उपायुक्त ने NHAI को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के मानकों के अनुरूप चेतावनी बोर्ड, दिशा-सूचक, गति सीमा संकेतक, रिफ्लेक्टिव साइन, रोड मार्किंग और कैट्स-आई लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे दृश्यता में बाधा बनने वाले अवरोध हटाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पथ निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों के ढाल को तकनीकी मानकों के अनुसार सुधारने का भी निर्देश दिया गया है।

स्थायी समाधान के लिए बनेगा अंडरपास

दीर्घकालिक समाधान के तहत दुर्घटना संभावित स्थानों पर अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। उपायुक्त ने NHAI के परियोजना निदेशक को निर्देश दिया कि 10 जुलाई तक संशोधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर क्षेत्रीय कार्यालय को अनुमोदन के लिए भेजा जाए। इसमें रोड सेफ्टी ऑडिट, यातायात घनत्व और भविष्य की जरूरतों को शामिल किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दुर्घटना संभावित स्थलों की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....