बिहार के नवादा निवासी आयुष भालोटिया ने 720 में से 710 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4 प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने री-नीट परीक्षा में बिहार टॉपर बनने का गौरव भी प्राप्त किया है।आयुष की यह सफलता सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे इलाके की उपलब्धि बन गई है।परिवार का दावा है कि आयुष अपने गांव का पहला डॉक्टर बनने जा रहा है।
साधारण परिवार से है ताल्लुक
देश स्तर पर इतनी बड़ी सफलता हासिल करने वाले आयुष भलोटिया एक साधारण और प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार से संबंध रखते हैं। वे वारिसलीगंज के जाने-माने व्यवसायी सुनील कुमार भलोटिया के पुत्र हैं। परिजनों का कहना है कि आयुष बचपन से ही पढ़ाई में बेहद कुशाग्र और अनुशासित रहा है।
सीमित संसाधनों में पाई सफलता
आयुष ने अपनी स्कूली शिक्षा वारिसलीगंज स्थित विवेकानंद पब्लिक स्कूल से पूरी की है। इसी विद्यालय से उन्होंने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट अंक हासिल किए थे। स्कूल के शिक्षकों ने आयुष को एक अत्यंत होनहार, मेहनती और एकाग्र छात्र बताया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस मौके पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष ने यह साबित कर दिया है कि अगर दृढ़ संकल्प और सच्ची मेहनत हो, तो छोटे शहरों या ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी देश के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचा जा सकता है।
बिहार के चार छात्रों ने देश के टॉप-138 में बनाई जगह
राज्य के चार छात्रों ने देश के टॉप-138 अभ्यर्थियों में जगह बनाई है, जिनमें राज्य के आयुष भालोटिया ने ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर बिहार का नाम रोशन किया है। बिहार की रिया रंजन ने ऑल इंडिया रैंक 6 हासिल की है। रविकांत दीघवार ने रैंक-55 और आदित्य कुमार ने रैंक-73 प्राप्त किया है। इन चारों छात्रों ने 690 से अधिक अंक हासिल कर टॉप-138 की सूची में अपनी जगह बनाई।

