डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट के लिए जमशेदपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इस परीक्षा में जमशेदपुर के 8 केंद्रों पर कुल 4322 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बुधवार को ही कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्न पत्र जमशेदपुर पहुंच चुके हैं। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार (आज) सभी केंद्रों पर एक खास रिहर्सल का आयोजन किया है, ताकि तैयारियों की कमियों को परखा जा सके।
परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त कोच
नीट परीक्षा के दौरान होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अगर आप भी कल परीक्षा देने जा रहे हैं, तो रेलवे की इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं:
टाटा-बिलासपुर और टाटा-इतवारी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच: रेलवे द्वारा टाटा-बिलासपुर और टाटा-इतवारी के बीच चलने वाली 4 एक्सप्रेस ट्रेनों में तीन दिनों तक 2-2 अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े गए हैं।
टाटा-इतवारी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 21 से 23 जून): 2 अतिरिक्त सामान्य कोच।
बिलासपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 19 से 21 जून): 2 अतिरिक्त सामान्य कोच।
टाटा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20 से 22 जून): 2 अतिरिक्त सामान्य कोच।
चक्रधरपुर रेल मंडल की स्पेशल परीक्षा ट्रेन: परीक्षार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 21 जून को राउरकेला और टाटानागर के बीच एक ‘विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन’ चलाई जाएगी।
यह ट्रेन राउरकेला से सुबह 5:10 बजे खुलेगी और सुबह 9:20 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
कल शहर में रहेगा ‘नो एंट्री’ का समय, घर से निकलने से पहले नोट करें टाइमिंग
नीट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 21 जून को शहर के ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है ताकि छात्र समय पर केंद्र पहुंच सकें।
नो एंट्री का समय: कल यानी 21 जून को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के लिए ‘नो एंट्री’ लागू रहेगी।
जमशेदपुर के इन 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा, कहां कितने छात्र देंगे एग्जाम
जमशेदपुर शहर में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
एलबीएसएम कॉलेज (सेंटर ए): यहां सबसे ज्यादा 720 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज: इस केंद्र पर 696 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी: यहां 600 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
एबीएम कॉलेज: इस केंद्र पर 480 परीक्षार्थी परीक्षा लिखेंगे।
एलबीएसएम कॉलेज (सेंटर बी): यहां 480 परीक्षार्थियों का सेंटर बनाया गया है।
ग्रेजुएट कॉलेज (सेंटर ए): इस केंद्र पर भी 480 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
आदिवासी प्लस टू हाईस्कूल, सीतारामडेरा: यहाँ 458 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
ग्रेजुएट कॉलेज (सेंटर बी): इस केंद्र पर कुल 408 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
नोट: आज शनिवार को होने वाले रिहर्सल में सभी केंद्राधीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को शामिल होना अनिवार्य किया गया है, ताकि परीक्षा के दिन (21 जून) किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या न आए।

