रांची। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
रामपुर-चौका (पैकेज-02) राष्ट्रीय राजमार्ग खंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी, रांची संतोष कुमार आर्य एवं परियोजना निदेशक, रांची विजय कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल को भी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधे बड़े होकर पर्यावरण को समृद्ध करें।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में झारखंड राज्य के अंतर्गत सभी परियोजना क्रियान्वयन इकाइयों (PIUs) द्वारा भी अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।
NHAI ने कहा कि वह आधुनिक एवं टिकाऊ अवसंरचना के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। हरित राजमार्गों के विकास और सतत विकास के लक्ष्य को लेकर संस्था लगातार कार्य कर रही है।
यह अभियान स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

