डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप और तेज हो गया। कश्मीर घाटी में रात का तापमान अधिकांश स्थानों पर शून्य से नीचे रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी: तापमान और गिरेगा
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। राजधानी दिल्ली में हालांकि दोपहर में खिली धूप ने लोगों को थोड़ी राहत दी, लेकिन शीतलहर का असर सुबह और रात के समय बरकरार है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सप्ताह के अंत तक बारिश और बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।
यात्रा पर ठंड का असर: ट्रेनें देरी से चल रही
ठंड और कोहरे के कारण रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। बुधवार को 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस, 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस और 15744 कोटा-पटना एक्सप्रेस सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें विलंब से चलीं। कोटा-पटना एक्सप्रेस लगभग 11 घंटे की देरी से पहुंची, जबकि गोरखधाम एक्सप्रेस नौ घंटे की देरी से चली।
हवाई सेवाएं रही सामान्य
हालांकि, खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर कम देखने को मिला। बुधवार को विमानों का संचालन लगभग सामान्य रहा, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जनजीवन पर पड़ रहा ठंड का असर
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। सरकारी एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन लोगों को शीतलहर से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।