बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 29 जून यानी आज तक 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को खाली करना का सरकार ने अल्टीमेटम दिया था। आज बंगला खाली करने का आखिरी दिन है। अब राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर आवास खाली करने वाले मामले पर बड़ा अपडेट सामने आया है। खबर है कि राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने के लिए 5 जुलाई तक की मोहलत मांगी हैं।
क्यों मांग 5 जुलाई तक का वक्त?
नोटिस की अवधि समाप्त होने के एक दिन पूर्व सोमवार को मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर आवास खाली करने के लिए 5 जुलाई तक का अतिरिक्त समय मांगा है। खास बात ये है कि 5 जुलाई को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का स्थापना दिवस भी है। इसमें पूरे देश आरजेडी नेताओं का जमावड़ा पटना में होता है।
22 जून को दिया था अंतिम नोटिस
राबड़ी देवी के आप्त सचिव ने भवन निर्माण विभाग के सचिव को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में 22 जून को विभाग की तरफ से 10 सर्कुलर आवास खाली किए जाने से संबंधित अंतिम नोटिस का जिक्र किया गया। इस नोटिस के मुताबिक 24 जून को भवन निर्माण विभाग की टीम के द्वारा आवास आवंटन के समय दिए गए सामानों की अधिकृत लिस्ट उपलब्ध नहीं करने का हवाला दिया गया।
राबड़ी देवी ने सरकारी सामानों की सूची मांगी
इससे पहले राबड़ी देवी ने भवन निर्माण में मौजूद सरकारी सामानों की सूची मांगी थी। इसके लिए विभाग को पत्र भेजा गया था। विभाग की ओर से सामानों का आकलन किया जा रहा। सूत्र बता रहे हैं कि 20 साल पहले विभाग ने क्या-क्या सामान आवास पर उपलब्ध करवाए थे, इसकी सूची तैयार करने में काफी परेशानी हो रही है।
भविष्य में कोई विवाद नहीं चाहता लालू परिवार
राबड़ी देवी बंगला खाली करने से पहले सभी सरकारी सामानों का मिलान करना चाहती हैं ताकि भविष्य में कोई विवाद न हो। राजद नेताओं ने कहा कि भाजपा वाले कब क्या आरोप लगा दें, यह किसे पता? इससे पहले जब तेजस्वी यादव ने पांच देशरत्न मार्ग वाला आवास खाली किया था तो उनपर सरकारी सामानों की चोरी तक का आरोप लगा दिया था गया था। यह गलत था। ऐसा दोबारा नहीं हो, इसलिए भवन निर्माण विभाग की ओर से लिस्ट मांगी गई है।
राबड़ी देवी को कब आवंटित किया गया 10 सर्कुलर रोड बंगला?
बता दें कि राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर आवास 2006 में आवंटित किया गया था। ऐसे में 20 साल पुराने रिकॉर्ड को लेकर खींचतान मची है। राबड़ी देवी की तरफ से 5 जुलाई तक समय मांगा गया है। आवास के साथ आवंटित समान की लिस्ट और मिलान के लिए समय की मांग की गयी है।

