बाघमारा। कोयला तस्करी को लेकर BCCL ने अब कमर कस ली है। बता दें कि भारत सरकार की जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी के तहत सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद ने बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान 19 स्थानों पर छापेमारी और सर्च ऑपरेशन किया गया, जिसमें लगभग 168.7 टन अवैध कोयला बरामद किया गया तथा 6 अवैध खनन मुहानों को भरकर बंद कर दिया गया। सीआईएसएफ की कार्रवाई के तहत एरिया-02 (महुदा) के मछीयारा क्षेत्र से 68.7 टन, एरिया-03 (गोविंदपुर) के सिम-03 तिवारी बस्ती के पास से 70 टन तथा एरिया-04 (कतरास) में बीसीसीएल बंद अस्पताल के पीछे संचालित अवैध खदान से 30 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
इसके अलावा एरिया-05 (सिजुआ) के लोयाबाद 05 नंबर बस्ती के समीप दो अवैध खनन मुहानों को भरकर बंद कराया गया। सिम-03 क्षेत्र में भी तीन अवैध मुहानों की भराई की गई। सीआईएसएफ ने बताया कि अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए नियमित डोमिनेशन, गश्ती, ड्रोन सर्विलांस, क्यूआरटी तैनाती, विशेष वाहन जांच और खुफिया सूचना आधारित अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
अभियान में बीसीसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस का समन्वय भी सुनिश्चित किया जा रहा है। सीआईएसएफ ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध खनन, कोयला चोरी या अवैध परिवहन से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें, ताकि त्वरित, गोपनीय और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

