सांडर्स तालाब पर अतिक्रमण का आरोप, मत्स्यजीवी समिति ने प्रशासन पर उठाए सवाल
मेदिनीनगर (पलामू): मेदिनीनगर शहर के नावाटोली स्थित सांडर्स तालाब पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। डाल्टनगंज थाना मत्स्यजीवी सहयोग समिति ने आरोप लगाया है कि खाता संख्या 580, प्लॉट संख्या 1170, रकबा 8.49 एकड़ में फैले सांडर्स तालाब पर वर्षों से अतिक्रमण हो रहा है, जिससे तालाब का क्षेत्रफल लगातार सिकुड़ता जा रहा है। समिति का आरोप है कि कई रसूखदार लोगों ने तालाब की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कर लिया है, लेकिन जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मत्स्यजीवी सहयोग समिति के नेता रंजीत कुमार चौधरी ने कहा कि इस तालाब से कई मत्स्यजीवी परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज भी इसी तालाब पर निर्भर रहे हैं और यदि तालाब का अतिक्रमण जारी रहा तो मत्स्यजीवियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पलामू जिला सचिव एवं डाल्टनगंज-भंडारिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रुचिर कुमार तिवारी ने आरोप लगाया कि झारखंड हाईकोर्ट के जल स्रोतों की सुरक्षा संबंधी निर्देशों के बावजूद तालाब पर कथित अतिक्रमण नहीं रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व महापौर और अन्य लोगों द्वारा तालाब की जमीन का अतिक्रमण कर निर्माण किया गया तथा शोरूम का कचरा तालाब में फेंका जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मेदिनीनगर नगर आयुक्त, उपायुक्त, खास महल, सदर अनुमंडल पदाधिकारी तथा नगर विकास, पर्यटन एवं खेलकूद विभाग के मंत्री सुदीप कुमार सोनू को भी आवेदन सौंपा है। उनके अनुसार मंत्री ने उपायुक्त को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि न्याय की मांग को लेकर हाईकोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया गया है।

