पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी, मुफ्त शिक्षा और पेंशन देने की भी मांग; 4 अगस्त को प्रशासन को सौंपा जाएगा ज्ञापन
पलामू: छत्तरपुर प्रखंड के देवगन गांव निवासी धर्मेंद्र राम की हत्या के मामले में झारखंड क्रांति मंच (जेकेएम) ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु और पलामू जिलाध्यक्ष धीरज चन्द्रवंशी ने जारी बयान में कहा कि 31 जुलाई की रात धर्मेंद्र राम का कथित रूप से अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई और शव देवगन डैम के ऊपर फेंक दिया गया। संगठन ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
जेकेएम ने मृतक के परिजनों के लिए 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, पत्नी को पेंशन, आवास तथा मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से की है।
संगठन ने आरोप लगाया कि पलामू में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बयान में यह भी कहा गया कि धर्मेंद्र राम के शव का पोस्टमार्टम कराने में एमएमसीएच प्रबंधन की ओर से अनावश्यक विलंब हुआ। साथ ही पोस्टमार्टम प्रक्रिया में सहयोग करने वाले कर्मियों द्वारा पैसे मांगने का भी आरोप लगाया गया। जेकेएम ने उपायुक्त से इस मामले की भी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा कि धर्मेंद्र राम परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और तीन बच्चों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस केवल एक आरोपी को गिरफ्तार कर सकी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब भी बाकी है।
जेकेएम ने घोषणा की है कि 4 अगस्त को छत्तरपुर एसडीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी, बीडीओ और सीओ को सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में धर्मेंद्र हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सहित संगठन की अन्य मांगें रखी जाएंगी। इसी दिन छत्तरपुर नगर पंचायत स्थित अंबेडकर पार्क की भूमि से जुड़े मुद्दे पर भी प्रशासन को अलग ज्ञापन सौंपने की बात कही गई।

