पलामू जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रातः 9 बजे मुख्य ध्वजारोहण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जवानों ने गुरुवार को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने संयुक्त रूप से पुलिस लाइन स्टेडियम पहुंचकर परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
निरीक्षण के दौरान डीसी एवं एसपी ने मुख्य समारोह को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए परेड से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने समारोह में शामिल होने वाले सभी पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्धारित समय पर उपस्थित होने तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष एहतियात बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने पलामूवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी आमजनों से अपने-अपने स्तर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

