पीएम मोदी ने बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी को दी बधाई, नीतीश ने भी भेजी शुभकामनाएं

Neelam
By Neelam
3 Min Read

आज सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री के रुप में शपथ ले ली है। ये पहली बार है जब बिहार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई सीएम बना है। सम्राट चौधरी के शपथ लेने के साथ ही बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सम्राट चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बधाई दी।

पीएम मोदी ने दी बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा”।

जदयू कोटे से दोनों डिप्टी सीएम को भी दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जदयू कोटे से डिप्टी सीएम बने गए दोनों नेताओं को शुभकामना संदेश देते हुए लिखा कि “बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी जी और बिजेंद्र प्रसाद यादव जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मुझे पूरा भरोसा है कि इनका जमीनी अनुभव और जनहित को लेकर प्रतिबद्धता बिहार के विकास को नई दिशा और गति देगी। इसके साथ ही राज्य सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नित-नए मानक स्थापित करेगा।”

नीतीश कुमार ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

वहीं, पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में बिहार के और तेजी से विकास करने की उम्मीद जताई। नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।”

गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, “सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी। साथ ही, एक सुरक्षित एवं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में एनडीए की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।”

Share This Article