बिहार में लगभग दो दशक के बाद नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी नए मुख्यमंत्री बने हैं। जिसके बाद प्रदेश का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही बयानबाजी तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पहले तो नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई तो दी, लेकिन कटाक्ष करने से नहीं चूके।
बधाई के साथ तंज
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें बधाई देते हुए तंज भी कसा। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने की शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही लिखा, “सम्राट चौधरी जी द्वारा आज इलेक्टेड मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने पर बधाई और सिलेक्टेड मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं।”
एनडीएक के 21 सालों के शासन पर उठाया सवाल
तेजस्वी ने आगे लिखा, “आशा है कि नए माननीय मुख्यमंत्री इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 𝟐𝟏 वर्षों के एनडीए शासन उपरांत भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सत्तत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, एक समान प्रगति-एकरूप संवृद्धि तथा मानव विकास के तमाम संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है।”
शुभकामनाओं के साथ सियासी वार
नेता प्रतिपक्ष ने उम्मीद जताई कि सम्राट चौधरी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द और सुरक्षा के लिए संकल्पित होकर प्रभावी ढंग से काम करेंगे। उन्होंने लिखा, “आशा है कि नए 𝐒𝐞𝐥𝐞𝐜𝐭𝐞𝐝 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द, सुरक्षा और सर्वांगीण सुधार के लिए संकल्पित होकर सशक्त तरीके से काम करेंगे तथा बाहरियों के दिशा निर्देशों के आगे बिहारियों के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखेंगे। प्रादुर्भाव से समाजवादी श्री सम्राट चौधरी जी को पुन: हार्दिक शुभकामनाएं।”

