मतदान से पहले एक्शन मोड में प्रशासन — आसनसोल में फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल: पश्चिम बर्दवान जिले में 23 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को डीएम एस पोन्नाबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ रानीगंज, जामुड़िया और पांडेश्वर के संवेदनशील इलाकों का दौरा किया।

अधिकारियों ने इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आम जनता और मतदाताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और वे बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।

डीएम एस पोन्नाबलम ने साफ कहा कि जिले के हर हिस्से में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

वहीं, पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने बताया कि जिन इलाकों में पहले हिंसा की घटनाएं हुई थीं, वहां विशेष नजर रखी जा रही है। लगातार गश्त और निगरानी के जरिए हर स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा जा रहा है, ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

उन्होंने यह निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान गड़बड़ी फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी हाल में निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित किया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....