प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस ने अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। साइप्रस ने सोमवार को पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया। ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय साइप्रस की ओर से प्रदान किया जाने वाला नाइटहुड सम्मान है, जिसका नाम साइप्रस के प्रथम राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया था।

साइप्रस और भारत की मित्रता की मुहर-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा कि साइप्रस के ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ सम्मान को प्राप्त करके मैं बहुत खुश हूं। मैं इसे हमारे देशों के बीच की मित्रता को समर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को यह सम्मान समर्पित करते हुए कहा कि यह साइप्रस और भारत की मित्रता की मुहर है।
ये साझेदारी नई ऊंचाईयों को छुएगी- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में हमारी सक्रिय साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी। हम मिलकर न केवल अपने दोनों देशों की प्रगति को मजबूत करेंगे बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित विश्व के निर्माण में भी योगदान देंगे।
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
विदेश मंत्रालय ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा ‘राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को साइप्रस के ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत-साइप्रस के बीच स्थायी द्विपक्षीय साझेदारी और शांति, प्रगति एवं समृद्धि के साझा दृष्टिकोण के लिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पीएम मोदी का 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
यह 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार था, जो प्रधानमंत्री मोदी को किसी अन्य देश द्वारा दिया गया है। इससे पहले मार्च में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘द ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ से सम्मानित किया था। इसके बाद अप्रैल में श्रीलंका की सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान’ से सम्मानित किया था।