सोनिया गांधी-राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज वंदे मातरम् पर विवाद बढ़ा, DCP सेंट्रल का बयान जांच जारी

Reena Sharma
3 Min Read

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी विवादों में घिर गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में दोनों नेताओं के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में 15 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के गायन को लेकर हुई कथित घटना का जिक्र करते हुए जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वंदे मातरम् के दौरान सोनिया गांधी ने कुछ ऐसे इशारे किए, जिससे गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताने की बात सामने आती है। वहीं, शिकायत में राहुल गांधी के एक वीडियो का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते नजर आ रहे हैं कि वंदे मातरम् नहीं गाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने राष्ट्रीय गीत के गायन में कथित रुकावट से जुड़े कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर डीसीपी सेंट्रल का बयान भी सामने आया है। पुलिस ने कहा कि 15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् गायन के समय हुई कथित घटना के संबंध में शिकायत की जांच की जा रही है। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा की ओडिशा इकाई ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने आरोप लगाया कि वंदे मातरम् के गायन में बाधा डालना दंडनीय अपराध है।

Advertisement

उधर, कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि वंदे मातरम् को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी और सोनिया गांधी केवल मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह कुछ समय से खड़े थे। इस बीच भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई ने कथित अपमान के विरोध में राज्य पार्टी कार्यालय से कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस भी निकाला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना से देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

Share This Article