बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार देर रात जलाभिषेक के लिए बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे 25 वर्षीय कांवड़िया गोलू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पारू थाना क्षेत्र के देवरिया-जगरिया मुख्य मार्ग पर ब्रह्मपुर खखन गांव के पास हुई। गोलू करीब 60 कांवड़ियों की टोली के साथ गंडक नदी से जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम की ओर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, कांवड़ियों का जत्था देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव के पास गंडक नदी से जल भरकर रवाना हुआ था। जत्थे में आगे डीजे बज रहा था और कांवड़िया नाचते-गाते पैदल चल रहे थे। गोलू अपनी बाइक से कांवड़ियों के पीछे चल रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने डीजे की तेज आवाज का फायदा उठाकर गोलू को गोली मार दी और देवरिया की ओर फरार हो गए। गोली लगने के बाद गोलू बाइक से गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे लोगों ने गोलू को तत्काल सरैया सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, रविवार दिन में गोलू का गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद और मारपीट हुई थी। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस हत्या की जांच में इस विवाद और धमकी के पहलू को भी शामिल कर रही है। गोलू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता था। वह करीब एक महीने पहले ही घर लौटा था।
घटना की सूचना मिलते ही पारू पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर के अनुसार, अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

