प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने आज विधानसभा का घेराव किया। सरकारी वादाखिलाफी, भूमि सर्वेक्षण में व्याप्त भ्रष्टाचार और मतदाता पुनरीक्षण जैसे मुद्दे को लेकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने पटना में विधानसभा घेराव किया। घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों को पुलिस के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जनसुराज के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में विधानसभा का घेराव करने पहुंचे थे और प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के मना करने के बावजूद जब वह नहीं मानें तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज
प्रशांत किशोर बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ विधानसभा का घेराव करने पहुंचे थे। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में हजारों समर्थकों की भीड़ जैसे ही पटना के बेली रोड होते हुए एयरपोर्ट से गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल की ओर बढ़ी, चितकोहरा गोलंबर के पास पुलिस ने रास्ता रोक दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खूब धक्का-मुक्की भी हुई। जिसके बाद लाठीचार्ज शुरू हो गया।
लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल
प्रशांत किशोर की अपील पर बड़ी संख्या में जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता राजधानी पटना पहुंचे और विधानसभा की ओर कूच किया। कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। पुलिस की लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं
जन सुराज पार्टी की ओर से तीन गंभीर मुद्दों को लेकर इस प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। जन सुराज पार्टी जिन तीन प्रमुख मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है, वे इस प्रकार हैं:
- सरकार की घोषणा के बावजूद गरीब परिवारों को रोज़गार के लिए 2 लाख रुपये की सहायता क्यों नहीं मिली?
- दलित भूमिहीन परिवारों को अब तक 3 डिसमिल जमीन क्यों नहीं दी गई?
- भूमि सर्वेक्षण में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सरकार चुप क्यों है?