धनबाद में एयरपोर्ट को लेकर सियासी गर्मी, 24 अप्रैल को सड़क पर उतरेगा जनसैलाब

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। झारखंड के धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को सांसद ढुलू महतो ने प्रेस वार्ता कर 24 अप्रैल को बड़े स्तर पर आंदोलन और पदयात्रा करने की घोषणा की।

सांसद ने बताया कि यह पदयात्रा रणधीर स्टेडियम से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक तक जाएगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। आंदोलन के जरिए राज्य सरकार से एयरपोर्ट निर्माण को लेकर जवाब मांगा जाएगा।

उन्होंने कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है और केंद्र सरकार स्तर पर भी पहल की गई है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से अब तक जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसी कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है।

सांसद ने जोर देते हुए कहा कि धनबाद देश की ‘कोयला राजधानी’ के रूप में जाना जाता है, जहां उद्योग, व्यापार और शोध से जुड़े लोग लगातार आते-जाते रहते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट बनने से न केवल यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि जिले के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर राज्य सरकार जल्द जमीन उपलब्ध नहीं कराती है, तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल 24 अप्रैल की पदयात्रा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....