बिहार की राजनीति में “पोस्टर वार” बड़ा ही सटीक हथियार रहा है। राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी और पोस्टर वार शुरू हो गया है। राजधानी पटना में आरजेडी नेताओं की ओर से पार्टी कार्यालय के सामने एक पोस्टर लगाकर एनडीए पर निशाना साधा गया है।
अजगर की तस्वीर के जरिए बीजेपी पर तंज
पोस्टर में मुख्यमंत्री की कुर्सी, राज्यसभा और अजगर की तस्वीर के माध्यम से भाजपा की राजनीति पर तंज कसा गया है। पोस्टर में बड़े अक्षरों में लिखा गया है कि, ‘कोई ऐसा सगा नहीं, जिसको भाजपा ने ठगा नहीं।’
आरजेडी के पोस्टर में क्या?
इस पोस्टर में बीजेपी को सांकेतिक तौर पर अजगर के जैसा दिखाया गया है। अजगर बिहार के सीएम की कुर्सी की तरफ मुंह फाड़े हुए है। इसके बाद राज्यसभा लिखी कुर्सी और सीएम नीतीश कुमार की तस्वीर है। इस पोस्टर को आज ही यानी शनिवार 14 मार्च को राजद की तरफ से लगवाया गया।
बीजेपी पर सहयोगियों का इस्तेमाल का आरोप
पोस्टर को लेकर आरजेडी नेताओं का कहना है कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के अनुसार सहयोगियों का इस्तेमाल करती है और काम निकल जाने के बाद उन्हें किनारे कर देती है। उनका कहना है कि इस पोस्टर के जरिए इसी बात को समझाने का प्रयास किया गया है।

